Bansgaon Sandesh
Login
D PATHAK DEORIA
Deoriaलगभग १० घंटे पहले

दस साल पहले पूर्व विधायक निधि से बना वृद्धाश्रम बदहाली का शिकार

दस साल पहले पूर्व विधायक निधि से बना वृद्धाश्रम बदहाली का शिकार

बांसगांव सन्देश।भलुअनी। देवरिया जिले केभलुअनी ब्लॉक क्षेत्र के गड़ेर ग्राम सभा में करीब दस वर्ष पहले वृद्धजनों के रहने और उनकी देखभाल के उद्देश्य से पूर्व विधायक रामप्रसाद जयसवाल निधि से लाखों रुपये की लागत से बनवाया गया वृद्धाश्रम आज बदहाली का शिकार हो गया है। जिस भवन का निर्माण असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों को सहारा देने के लिए कराया गया था, आज वह खुद सरकारी उपेक्षा की कहानी बयां कर रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण के शुरुआती दिनों में कुछ वृद्धजन यहां रहे थे, लेकिन बाद में उचित देखरेख और रखरखाव के अभाव में वृद्धाश्रम वीरान हो गया। वर्तमान में भवन के आसपास साफ-सफाई नहीं होने से परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और यहां जंगल जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर इस भवन का निर्माण कराया गया था, वह उद्देश्य अब अधूरा नजर आ रहा है। भवन की वर्तमान स्थिति को देखकर सरकारी धन के सदुपयोग और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। गांव के घूरा निषाद, अनिल निषाद सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से वृद्धाश्रम की साफ-सफाई कराने, भवन की मरम्मत कराने तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस भवन को दोबारा व्यवस्थित कर दिया जाए तो इसका उपयोग जरूरतमंद, निराश्रित और असहाय वृद्धजनों के रहने के लिए किया जा सकता है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन वर्षों से उपेक्षित पड़े इस वृद्धाश्रम की सुध कब लेते हैं और बुजुर्गों के हित में इसका पुनः संचालन कब शुरू होता है।

0 likes
0 comments0 shares