खजनी क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात, तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण

खजनी क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात, तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास खजनी, गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी सौगात के रूप में तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से इन सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। लंबे समय से जर्जर और संकरी सड़कों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इन सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक श्री राम चौहान जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा जिन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया है, उनमें बनकटा–रिकौली मार्ग, ढबरा–हाटा मार्ग और हरिहरपुर–माल्हनपार मार्ग शामिल हैं। इन परियोजनाओं के तहत लगभग 08.200 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 3071.41 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की संभावना है। स्थानीय लोगों के अनुसार इन सड़कों के संकरे और जर्जर होने के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा मरीजों को अस्पताल ले जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। ऐसे में इन सड़कों के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी और यात्रा में लगने वाला समय भी कम होगा। इसके अलावा एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की पहुंच गांवों तक तेज और आसान हो सकेगी। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से किसानों को भी अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से दुर्गेश पटवा, उमेश जायसवाल, राकेश सिंह, महेश सिंह, जयहिंद मौर्या, विंध्याचल आजाद, सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, चंदन सिंह, अनूप सिंह, बजरंगी सिंह, अनिल तिवारी, संतराज पासवान, महेंद्र शुक्ला और राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब लोगों की उम्मीदें इस बात पर टिकी हैं कि सड़क निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।