विधायक ने दो सड़कों का किया शिलान्यास चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

चौरी चौरा गोरखपुर। चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा रौतेनिया में विधायक ई. सरवन निषाद ने दो सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक एवं बूथ अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान जन चौपाल का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ई. सरवन निषाद ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा विधानसभा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा सड़कों का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है। सरकार "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। जन चौपाल में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि ब्रिजेश पासवान, प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष आद्या पासवान, प्रधान शिवमूर्ति (पंसरही), प्रधान रामलाल (बेलवा बाबू), प्रधान प्रतिनिधि सूरज (इब्राहिमपुर), पूर्व प्रधान उमाशंकर सिंह (रौतेनिया), प्रधान प्रतिनिधि सोनू पासवान (जंगल मठिया), प्रधान बलदेव निषाद (अवधपुर), प्रधान सुनील निषाद (भरतपुर), प्रधान आलोक पासवान, नेमधारी पासवान, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, प्रधान विनय गुप्ता (जयपुर) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।