हाईवा के टायर में हवा भरते समय रिम छटका, मिस्त्री की मौत

हाईवा के टायर में हवा भरते समय रिम छटका, मिस्त्री की मौत डाला, सोनभद्र। डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के पास शुक्रवार की देर शाम टायर पंचर की दुकान पर हाईवा के टायर में हवा भरते समय अचानक टायर का रिम छटक गया। रिम की चपेट में आने से टायर पंचर मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम करीब 8:50 बजे डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के समीप एक टायर पंचर की दुकान पर हाईवा चालक वाहन में नया टायर लगवा रहा था। इसी दौरान आरिफ (23) पुत्र असलम, निवासी डाला चढ़ाई, टायर को दुकान के बाहर जमीन पर रखकर उसमें हवा भर रहा था। हवा भरने के दौरान अचानक टायर का रिम तेज गति से छटक गया और आरिफ के शरीर पर जा गिरा। हादसे में उसके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल आरिफ को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।