पीड़ित परिवार के सहारे बने आलोक गुप्ता व प्रिया गुप्ता, बेलसड़ी कांड के बाद पीड़ित परिवार में पहुंचकर 10 - 10 हज़ार का आर्थिक सहयोग*।

बडहलगंज।बड़हलगंज क्षेत्र के बेलसड़ी गांव से बीते मंगलवार को परमानंद के बेटे की बारात जिला आजमगढ़ के जीयनपुर गई थी। बारात समय से पहुंची और बारातियों ने नाश्ता किया। इसके बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गर्मी से बचने के लिए लगाए गए कूलर की हवा को लेकर घराती और बाराती पक्ष के कुछ लोगों के बीच खींचातानी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और घराती पक्ष के कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में बेलसड़ी निवासी राजकुमार निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज आजमगढ़ के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं अमीर चंद्र साहनी (उम्र 26 वर्ष), पुत्र मिठाई लाल साहनी, को भी चाकू लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अविनाश निषाद (पुत्र प्रहलाद निषाद) और साहिल यादव (पुत्र तारकेश्वर यादव) को भी चोटें आईं, जो इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। पोस्टमार्टम के बाद जब अमीर चंद्र साहनी का शव उनके घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बेलसड़ी गांव के पास साउंखोर चौराहे पर एनएच-29 फोरलेन को लगभग दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रशासन के समझाने-बुझाने और जल्द न्याय दिलाने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ और अंतिम संस्कार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता और जिला पंचायत प्रत्याशी प्रिया गुप्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। दोनों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के उपचार के लिए 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही गंभीर रूप से घायल राजकुमार निषाद के इलाज के लिए हर माह 10 हजार रुपये की सहायता देने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान मंगेश तिवारी, गौतम प्रजापति, पंकज यादव, हरिकेश यादव, हरिश्चंद्र यादव, अनीता यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।