पटना घाट मार्ग की बदहाली पर सपा का अल्टीमेटम, 15 दिन में काम शुरू न होने पर धरना-अनशन की चेतावनी

बड़हलगंज। आदर्श नगर पंचायत बड़हलगंज अंतर्गत पटना चौराहा से टेढ़िया बांधा होते हुए पटना घाट तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा नेता सूरज जायसवाल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो पार्टी कार्यकर्ता पटना चौराहे पर धरना एवं अनशन करेंगे। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है। जलजमाव के कारण पूरा मार्ग दलदली बन जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सपा नेता ने आरोप लगाया कि यह मार्ग लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा आंशिक रूप से नगर पंचायत के अधीन होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री बृजेश पाठक तथा प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी अजय चौहान को भी पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बड़हलगंज में पटना चौराहा से पटना घाट तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू न होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि यदि धनराशि जारी हो चुकी है तो तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए और विलंब के कारणों की जांच की जाए। सपा नेता सूरज जायसवाल ने स्थानीय विधायक राजेश त्रिपाठी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति उमर पर भी जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा के कारण जनता त्रस्त है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि मौन बने हुए हैं। ज्ञापन के अंत में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी द्वारा पटना चौराहे पर धरना एवं अनशन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए स्थानीय विधायक, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं जिला प्रशासन जिम्मेदार होंगे। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री बृजेश पाठक, प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी तथा जिलाधिकारी गोरखपुर को भी प्रेषित की गई है।