संपूर्ण समाधान दिवस में 506 शिकायतें प्राप्त, 44 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में 506 शिकायतें प्राप्त, 44 का मौके पर निस्तारण छह तहसीलों में अधिकारियों ने सुनीं फरियादें, लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश गाजीपुर।जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी छह तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 506 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 44 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, तहसील सदर में सर्वाधिक 135 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में 84 शिकायतें आईं, जिनमें छह का निस्तारण हुआ। वहीं तहसील जमानियां में 115 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 11 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।इसी क्रम में तहसील सेवराई में 70 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सात का निस्तारण किया गया। तहसील मुहम्मदाबाद में 42 शिकायतें आईं, जिनमें आठ का मौके पर समाधान हुआ। तहसील जखनियां में 60 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चार का निस्तारण किया गया।संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।प्रशासन की ओर से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरतने तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस पर विशेष जोर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और प्रशासन तथा जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।