नदी में नहाते समय घर के इकलौते चिराग की डूबने से मौत

देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र स्थित गौरा कटइलवा मुक्ति धाम पर शनिवार को एक किशोर सरयू नदी में डूब गया। वह गांव निवासी रमाकांत चौहान की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। देर शाम तक एसडीआरएफ और पुलिस की टीम किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बच्चे की पहचान 13 वर्षीय अंश चौहान पुत्र राकेश चौहान निवासी बढ़पुरवा बुजुर्ग, थाना सुरौली के रूप में हुई है। परिजन शनिवार को रमाकांत चौहान की माता का अंतिम संस्कार करने के लिए बरहज के गौरा कटइलवा मुक्ति धाम पहुंचे थे।अंतिम संस्कार के बाद साथ आए लोग सरयू नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अंश भी नहाने के लिए नदी में उतर गया। बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोग जब तक उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह नदी में डूब चुका था।घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बरहज थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल खोजबीन शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। देर शाम तक नदी में किशोर की तलाश जारी रही। परिजनों के अनुसार, अंश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बहन है। बेटे के डूबने की सूचना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।