*दो लाख की वसूली के लिए रची गई साजिश, झूठे आरोप लगाए जा रहे: श्रीकांत सोनी*

बड़हलगंज।बडहलगंज सर्राफा व्यवसायी एवं उद्योग व्यापार मंडल बड़हलगंज के अध्यक्ष श्रीकांत सोनी ने रविवार को प्रेसवार्ता कर अपने ऊपर लगाए गए गिरवी रखे जेवर को हड़पने के आरोप को निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश और धन उगाही का प्रयास बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोग सत्येंद्र साहनी को आगे कर उनसे दो लाख रुपये की वसूली करना चाहते हैं। श्रीकांत सोनी ने दावा किया कि साहब साहनी ने अपने सोने के आभूषण उन्हें तत्कालीन बाजार भाव पर बेचे थे, जिसका विधिवत जीएसटी बिल भी जारी किया गया था। उनके अनुसार, लेनदेन के बाद साहब साहनी विदेश चले गए और फिर कभी उनसे संपर्क नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब सोने की कीमत बढ़ने के बाद उनके भाई सत्येंद्र साहनी के माध्यम से झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में श्रीकांत सोनी ने समाजवादी पार्टी के नेता रामदरश विद्यार्थी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव पर राजनीतिक ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया। उनका कहना था कि उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से यह पूरा प्रकरण खड़ा किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सांसद को गलत जानकारी देकर प्रेसवार्ता कराई गई। इस अवसर पर सर्राफा व्यापार मंडल बड़हलगंज के अध्यक्ष गंगा सोनी ने कहा कि श्रीकांत सोनी के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं और यह केवल धन उगाही का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्राहक को कोई शिकायत है तो वह सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखे, मंडल नियमानुसार उसके समाधान का प्रयास करेगा। गंगा सोनी ने यह भी कहा कि सर्राफा समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां पूरे सर्राफा समुदाय का अपमान हैं। उन्होंने संबंधित लोगों से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर सर्राफा व्यापार मंडल वैधानिक कार्रवाई पर विचार करेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि व्यापारियों को डराने-धमकाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान सर्राफा व्यापार मंडल के संरक्षक राम जी वर्मा , पूर्व अध्यक्ष अजय सर्राफ़, सोनार समाज के अध्यक्ष रामदेव वर्मा, बंधु वर्मा, श्रीनिवास सोनी, अंकुर अग्रवाल, बबलू वर्मा, मदन लाल सोनी, बृजेश वर्मा, सचिन सावंत, रामानंद जायसवाल व हरिशचंद्र सोनी सहित कई व्यापारी गण मौजूद रहे।