गांधी जयंती पर 51 पंचायत प्रतिनिधियों को मिला ‘पंचायत रत्न-2026’ सम्मान

आजमगढ़। गांधी जयंती के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से ग्राम स्वराज, जनसेवा और उत्कृष्ट पंचायत नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए ‘पंचायत रत्न-2026’ अलंकरण समारोह का आयोजन मिर्जापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बीनापारा में किया गया। समारोह में देश के 51 उत्कृष्ट पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मंडल से एक पंचायत प्रतिनिधि सहित हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत 18 राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पंचायत स्तर पर जनसेवा, पारदर्शिता, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला नेतृत्व, ग्रामीण विकास और जनभागीदारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मान दिया गया। भदोही के जिला पंचायत अध्यक्ष और आजमगढ़ के मिर्जापुर ब्लॉक प्रमुख को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग पटेल ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं। ग्राम विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्रामसभा को प्रभावी बनाने, विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी राकेश पटेल ने कहा कि ग्रामीण विकास तभी सार्थक होगा, जब योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देनी चाहिए। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को मजबूत और जनभागीदारी वाली पंचायतों के माध्यम से ही साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से प्रत्येक वर्ष गांधी जयंती पर ‘पंचायत रत्न’ सम्मान दिया जाएगा। समारोह में संगठन के संरक्षक विवेक गंगवार, वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक सिंह, डॉ. दिलीप लोधी, सचिव सुरेंद्र सिंह, पूर्व निदेशक समाज कल्याण जीतेन्द्र सिंह, बीडीओ मो. इदरीश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव राजमणि पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव, प्रदेश प्रभारी शौबीर सिंह समेत पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में ‘सशक्त पंचायत-सशक्त गांव-सशक्त भारत’ का संकल्प दोहराया गया।