संचारी रोग नियंत्रण को लेकर बेलघाट में निकली जागरूकता रैली BDO परमेश्वर

संचारी रोग नियंत्रण को लेकर बेलघाट में निकली जागरूकता रैली BDO परमेश्वर झा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, लोगों को दिलाई स्वच्छता व बचाव की शपथ गोरखपुर बांसगांव संदेश बेलघाट/गोरखपुर। संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा के तहत बुधवार को विकासखंड बेलघाट मुख्यालय से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, सफाई कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। खंड विकास अधिकारी परमेश्वर झा ने ब्लॉक परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ब्लॉक परिसर से निकलकर बेलघाट कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्राचीन हनुमान मंदिर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। जागरूकता से ही संभव है संचारी रोगों से बचाव इस दौरान बीडीओ परमेश्वर झा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता और स्वच्छता बेहद जरूरी है। मौसम में बदलाव के दौरान विभिन्न संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने रैली में शामिल लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई। 2018 से चल रहा है विशेष अभियान बीडीओ ने बताया कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वर्ष 2018 से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चलने वाले दस्तक अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर संचारी रोगों से पीड़ित अथवा संभावित मरीजों की पहचान करती हैं। मरीजों की पहचान होने के बाद उनके उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाती है। रैली में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल जागरूकता रैली में एडीओ पंचायत, सफाई कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। रैली के दौरान लोगों को स्वच्छता अपनाने, जलभराव रोकने और संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर समय से स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखें और संचारी रोग नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय सहयोग करें।