सहजनवा ब्लॉक में सरकारी धन के भुगतान को लेकर बड़ा मामला सामने
सहजनवा ब्लॉक में सरकारी धन के भुगतान को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। दो ग्राम सचिवों पर राज्य वित्त के दुरुपयोग और भुगतान प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, सहजनवा के रामपुर गरथोली और भेउसा ग्राम पंचायतों में भुगतान के दौरान नियमों की अनदेखी की गई। एक ग्राम सचिव ने भुगतान के उद्देश्य का उल्लेख किए बिना ही राशि का भुगतान कर दिया, जबकि दूसरे सचिव ने कार्रवाई से बचने के लिए बाउचर की जगह खाली चेक प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत भेउसा के सचिव द्वारा 21 जनवरी 2026 को बाउचर संख्या एक्सबीएफसी/25-26 के तहत 1,15,963 रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन बाउचर में कार्य का उद्देश्य दर्ज नहीं किया गया। वहीं रामपुर गडथोली के सचिव ने बाउचर संख्या 5 टीएचएसएफसी/20/25-26 के अंतर्गत करीब 87 हजार रुपये और इससे पहले दिसंबर 2025 में 30 हजार रुपये का भुगतान किया, जिसमें कुल 1.17 लाख रुपये की राशि बाउचर के स्थान पर स्टेट बैंक का खाली चेक लगाकर दिखाई गई। ब्लॉक स्तर पर बाउचर फीडिंग में गड़बड़ी सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।