बच्चों की मुस्कान और उमंग से खिल उठा शुभांश एकेडमी, धूमधाम से मना बाल दिवस

घघसरा गोरखपुर । देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को शुभांश एकेडमी में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस दौरान उनके बच्चों के प्रति अपार प्रेम, स्नेह और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसी के चेहरे पर मुस्कान थी तो कोई अपनी प्रतिभा दिखाने को उत्साहित नजर आया। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट और खुशियों से गूंज उठा। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन ने बाल दिवस को यादगार बना दिया और बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का सुंदर अवसर प्रदान किया।