रामजानकी मार्ग पर गिट्टी-मोरंग की अवैध लोडिंग-अनलोडिंग से हादसे का खतरा। मदरिया

रामजानकी मार्ग पर गिट्टी-मोरंग की अवैध लोडिंग-अनलोडिंग से हादसे का खतरा। मदरिया । बांहपुर के पास गिट्टी पर चढ़कर पलटी कार, स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। गोला से बड़हलगंज जाने वाले रामजानकी मार्ग पर बांहपुर गांव के पास सड़क पर गिट्टी और मोरंग की लोडिंग-अनलोडिंग का काम राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। आरोप है कि एक ठेकेदार द्वारा लंबे समय से सड़क पर ही गिट्टी और मोरंग उतारी जा रही है। इससे सड़क का लगभग आधा लेन अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। इसके बावजूद इस पर रोक नहीं लगने से लोगों में नाराजगी है। बीते शनिवार को उपनगर गोला के वार्ड नंबर 15 का एक व्यापारी बड़हलगंज से खरीदारी कर कार से गोला लौट रहा था। वह जैसे ही बांहपुर गांव के पास पहुंचा, सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण उसकी कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार गिट्टी पर चढ़कर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे व्यापारी को बाहर निकाला और उपचार के लिए भेजा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरते रहते हैं। सड़क के आधे हिस्से पर गिट्टी और मोरंग फैले होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रामजानकी मार्ग पर सड़क के बीच गिट्टी-मोरंग उतारने और फैलाकर रखने पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले प्रभावी कदम उठाया जा सके।