देवरिया में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के तहत स्कूलों में चलाया गया जागरूकता

देवरिया में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के तहत स्कूलों में चलाया गया जागरूकता अभियान बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा देवरिया । बांसगांव सन्देश । जनपद देवरिया में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक चलाए जा रहे ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्कॉलर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल राघवनगर, बीएन पब्लिक स्कूल, केडी पब्लिक स्कूल उमानगर, सेंट जेवियर्स स्कूल गौरीबाजार, सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर, सेंट जेवियर्स स्कूल भाटपाररानी, एसबीटी पब्लिक स्कूल गौरीबाजार तथा आरएल एकेडमी सलेमपुर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ” के तहत निबंध लेखन और चार्ट मेकिंग प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अग्नि सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से गैस सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आपातकालीन स्थिति में संयम बनाए रखते हुए आग पर काबू पाने के तरीके भी बताए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार और द्वितीय अग्निशमन अधिकारी विशाल यादव के नेतृत्व में टीम ने शिक्षकों और छात्रों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी तथा उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अग्निशमन विभाग और स्कूल प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत किया गया। यह अभियान बच्चों और समाज में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।