जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं 91 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनसामान्य की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों (एसडीएम), खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल/जूम एप के माध्यम से बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एसडीएम, बीडीओ एवं अन्य अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित करें और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रकरणों का संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करें तथा उसकी आख्या समय से उपलब्ध कराएं।