मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय का किए निरीक्षण सहजनवा/गोरखपुर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम
मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय का किए निरीक्षण सहजनवा/गोरखपुर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह मंगलवार को सहजनवा के पिपरा स्थित अटल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों को मिल रही शैक्षणिक सुविधाओं के साथ ही पढ़ाई के स्तर की भी जानकारी ली। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस दौरान मंडलायुक्त का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने खुद शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को कई विषयों को समझाने का प्रयास किया। मंडलायुक्त ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं, प्रयोगशाला, कैंटीन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह कक्षा 10 और 11 में पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की और हिंदी, गणित व अंग्रेजी विषय से संबंधित सवाल पूछकर उनकी समझ का परीक्षण किया। बच्चों से संवाद के दौरान मंडलायुक्त ने केवल किताबी जानकारी पर जोर देने के बजाय विषय को समझकर पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को रटने के बजाय उसके पीछे की अवधारणा को समझना जरूरी है। इससे विद्यार्थी लंबे समय तक उस विषय को याद रख सकेंगे और भविष्य में उसका बेहतर उपयोग कर पाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी दिनचर्या, पढ़ाई के तरीके और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने मंडलायुक्त के सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया। कई सवालों पर उन्होंने बच्चों को उदाहरण देकर समझाया। इससे कक्षा का माहौल सामान्य निरीक्षण के बजाय संवादात्मक कक्षा जैसा हो गया। मंडलायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिम्मेदार अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। बच्चों में सवाल पूछने और अपनी बात रखने की आदत विकसित की जानी चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक मेजर विवेकी राय, उपजिलाधिकारी नमन मेहता, तहसीलदार राकेश कन्नौजिया समेत विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।