नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, डीएम कार्यालय पहुंचा 100% दिव्यांग युवक, बोला—इलाज चाहिए,
नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, डीएम कार्यालय पहुंचा 100% दिव्यांग युवक, बोला—इलाज चाहिए, आयुष्मान कार्ड बनवा दीजिए साहब, एन.एडी रिपोर्ट देवरिया। शरीर से 100 प्रतिशत दिव्यांगता का दावा करने वाला 27 वर्षीय युवक बुधवार को अपनी जिंदगी और इलाज की उम्मीद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। रामपुर कारखाना विकासखंड के ग्राम बरनहीं, पोस्ट बरनही निवासी विनय मौर्य पुत्र उदयभान मौर्य ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने की मांग की। विनय का कहना है कि दिव्यांग होने के कारण उसे चलने-फिरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शरीर लगातार इलाज और दवा की मांग कर रहा है, लेकिन आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह नियमित रूप से महंगा इलाज करा सके। ऐसे में उसके लिए आयुष्मान कार्ड महज एक सरकारी कार्ड नहीं, बल्कि इलाज की उम्मीद है। विनय ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा कि उसका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है। यदि कार्ड बन जाए तो वह अपना आवश्यक उपचार करा सकेगा और आर्थिक तंगी के बीच उसे इलाज के लिए दर-दर भटकने से राहत मिल सकती है। दिव्यांग युवक की फरियाद ने व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—जब जरूरतमंद व्यक्ति इलाज की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय की चौखट तक पहुंच रहा है, तो आखिर उसे सरकारी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ कब मिलेगा? अब देखने वाली बात होगी कि जिलाधिकारी कार्यालय से मिली इस शिकायत पर संबंधित विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और विनय मौर्य को आयुष्मान कार्ड का लाभ कब तक मिल पाता है। देवरिया से नेक्स्ट अपडेट की न्यूज़ रिपोर्ट।