*कुआनो नदी पर नया पुल बना वरदान, दुघरा–मोहनपुर के बीच दूरी हुई

*कुआनो नदी पर नया पुल बना वरदान, दुघरा–मोहनपुर के बीच दूरी हुई खत्म* गोरखपुर/उरुवा। क्षेत्र के दुघरा और मोहनपुर गांव के लोगों के लिए लंबे समय से चली आ रही आवाजाही की समस्या का समाधान हो गया है। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश त्रिपाठी की पहल पर कुआनो नदी के किनारे नया संपर्क मार्ग/पुल बनने से ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। अब तक नदी के दोनों किनारों पर बसे दुघरा और मोहनपुर के लोगों को एक-दूसरे गांव तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर तक का लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। खासकर किसानों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। किसानों को नदी पार खेतों तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांव जाने में परेशानी होती थी। ग्रामीणों के अनुसार, पहले दुघरा से धुरियापार तक करीब 5 से 6 किलोमीटर जाना पड़ता था, इसके बाद मोहनपुर पहुंचने के लिए और दूरी तय करनी पड़ती थी। इस समस्या के कारण लोगों को बेलघाट होकर आना-जाना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ते थे। नए संपर्क मार्ग के निर्माण के बाद अब दोनों गांवों के बीच सीधा आवागमन संभव हो गया है। इससे जहां किसानों को राहत मिली है, वहीं स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों का समय भी बच रहा है। इस सुविधा से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। किसानों के चेहरे पर मुस्कान है और बच्चों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके अलावा, कुआनो नदी के किनारे बना यह क्षेत्र अब एक आकर्षण का केंद्र भी बन गया है। शाम के समय यहां गांव की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग टहलने और ठंडी हवा का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह संपर्क मार्ग न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देगा।