Bansgaon Sandesh
Login
P
Deoriaलगभग १ घंटा पहले

सैनिक बंधु की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण

सैनिक बंधु की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण

सैनिक बंधु की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश। देवरिया, 7 अक्टूबर। जिला सैनिक बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने किया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने पूर्व सैनिकों को उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी ली। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याएं सुनी गईं। करीब 12 पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित चार प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें भूमि की पैमाइश कर कब्जा दिलाने, खतौनी में नाम दर्ज कराने, मकान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने अथवा स्थानांतरित कराने तथा भूमि विवाद के निस्तारण से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। अपर जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्रावलियां भेजकर निष्पक्ष जांच के साथ नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), विभागीय अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में क्षेत्राधिकारी देवरिया सत्येंद्र कुमार राय तथा स्टेशन कमांडर, गोरखपुर के प्रतिनिधि के रूप में 52वीं बटालियन एनसीसी, देवरिया के जेसीओ ने प्रतिभाग किया।

0 likes
0 comments0 shares