घर के बाहर खेलते समय लापता हुई छह वर्षीय बच्ची, दो घंटे

घर के बाहर खेलते समय लापता हुई छह वर्षीय बच्ची, दो घंटे में सकुशल बरामद गोरखनाथ पुलिस ने तलाश कर परिजनों को सौंपा, मिशन शक्ति अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई गोरखपुर गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेलते समय लापता हुई छह वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची स्कूल से घर लौटने के बाद बाहर खेल रही थी, इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई गोरखनाथ पुलिस ने खोजबीन शुरू की और बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को शाम चार बजे थाने पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी छह वर्षीय नातिन स्कूल से आने के बाद घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद वह दिखाई नहीं दी। परिजनों ने आसपास के स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल उसकी खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब दो घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के मार्गदर्शन में गोरखनाथ पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। इस कार्रवाई में जटेपुर उत्तरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हैदर अली खान, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा वर्मा, कांस्टेबल राम हरख चौहान और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।