पुलिस, राजस्व व विकास खंड पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप, 19

पुलिस, राजस्व व विकास खंड पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप, 19 जून को गाजीपुर मुख्यालय पर धरना का ऐलान खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने विभिन्न मामलों की उच्चस्तरीय जांच और गरीबों को न्याय दिलाने की उठाई मांग गाजीपुर। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन, गाजीपुर ने पुलिस, राजस्व विभाग एवं विकास खंड स्तर पर मनमानी, भ्रष्टाचार और कथित उत्पीड़न के विरोध में 19 जून 2026, दिन शुक्रवार को गाजीपुर मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यूनियन ने आम जनता, किसानों, मजदूरों, छात्रों, महिलाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों से बड़ी संख्या में धरने में शामिल होने की अपील की है।यूनियन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के साथ-साथ जिले में पुलिस, राजस्व और विकास खंड स्तर पर मनमानी एवं कथित अवैध वसूली से आम जनता परेशान है। संगठन का कहना है कि किसान और मजदूरों की स्थिति लगातार खराब हो रही है तथा वनवासी, दलित, अल्पसंख्यक, अति पिछड़े और गरीब वर्गों को आवास, खेती योग्य भूमि, श्रम कार्ड, अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।यूनियन ने विभिन्न गांवों में भूमि विवाद, कथित फर्जी मुकदमों, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कई मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि संबंधित मामलों में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाया जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।संगठन ने हाल ही में चर्चित होटल व्यवसायी हत्याकांड में आरोपी कमलेश बिंद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के मामले की भी उच्चस्तरीय जांच कराने तथा बिंद समाज के कथित उत्पीड़न को बंद करने की मांग उठाई है।यूनियन के अध्यक्ष रामअवध और मंत्री वीरेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि यदि गरीब, किसान और मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से 19 जून को गाजीपुर मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की।धरने की घोषणा के दौरान संगठन के रविन्द्र, संजय विश्वकर्मा, अनिता देवी, पिंटू, सुरेन्द्र, पूनम देवी, वी.वी. सिंह, रामअवध चौजा, धनमती, उमाशंकर, राजनाथ, रामसेवक, शामू, रेखा, श्रीराम, गुहू, संतोष, तुफानी गौड़, उमराव (पूर्व प्रधान), सुनील सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।