विद्यार्थियों को बाल अपराध के कानूनों पर दी गई जानकारी

चौरी चौरा, गोरखपुर।एल.पी.के. इंटर कॉलेज, बसडिला, सरदारनगर, गोरखपुर के मजीठिया हॉल में POCSO एक्ट-2012 पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने कि मुख्य अतिथि ग्राम न्यायालय, तहसील चौरी-चौरा के न्यायाधीश श्री अविनाश मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के यौन अपराध या अनुचित व्यवहार की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य अतिथि न्यायाधीश श्री अविनाश मौर्य ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए पॉक्सो एक्ट की उपयोगिता एवं बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण के बारे कीमें सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और किसी भी असामान्य अथवा अनुचित परिस्थिति के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि यदि उनके साथ या उनके किसी साथी के साथ कोई अनुचित घटना होती है तो डर, संकोच अथवा लोक-लाज के कारण उसे छिपाने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, अभिभावक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को पूरी बात बताएं। न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन एवं पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पाक्सो एक्ट से संबंधित विभिन्न प्रश्न किए, जिनका मुख्य अतिथि ने सहज एवं सरल तरीके से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पॉक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण कानून की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। बाल विवाह पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं इसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी होने से वे स्वयं भी जागरूक होंगे और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अरविंद कुमार सिंह, महेश्वरी प्रसाद त्रिपाठी, वेद प्रकाश उपाध्याय, अरुण कुमार यादव, राजेश कुमार एवं योगेंद्र शुक्ल , अनिल कुमार सिंह,पुनीत त्रिपाठी सहित शिक्षक गण उपस्थित रहे।