महमूदपुर में दस वर्षों पुराना डीह स्थल व ट्रांसफार्मर विवाद सुलझा, दोनों

महमूदपुर में दस वर्षों पुराना डीह स्थल व ट्रांसफार्मर विवाद सुलझा, दोनों पक्षों में बनी सहमति उपजिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार,राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में हुआ समझौता, मुकदमे वापस लेने पर भी बनी सहमति जखनिया (गाजीपुर)। थाना विरनों क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में लंबे समय से चल रहे डीह स्थल एवं ट्रांसफार्मर की भूमि को लेकर विवाद का शनिवार को प्रशासनिक पहल के बाद सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया। उपजिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार,थाना प्रभारी तथा राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण कराया गया।मौके पर तैयार किए गए स्पॉट मेमो के अनुसार ग्राम महमूदपुर, परगना शादियाबाद, तहसील जखनिया में डीह स्थल एवं ट्रांसफार्मर की स्थापना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। प्रशासन की मध्यस्थता में आयोजित बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति व्यक्त करते हुए विवादित स्थल के स्थान पर नई भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति बनाई।समझौते के तहत ग्राम निवासी सोमारू द्वारा अपनी आराजी संख्या-198 के उत्तरी छोर पर पश्चिमी सिरे में 5.5 मीटर × 5.5 मीटर अर्थात कुल 30.25 वर्ग मीटर भूमि डीह स्थल एवं ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए उपलब्ध कराई गई। इसी भूमि पर अब डीह स्थल तथा विद्युत ट्रांसफार्मर का निर्माण कराया जाएगा।समझौते के दौरान उपस्थित दोनों पक्षों, ग्रामवासियों तथा अधिकारियों के हस्ताक्षर भी स्पॉट मेमो पर कराए गए, जिससे समझौते को औपचारिक रूप दिया गया। विशेष बात यह रही कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को वापस लेने पर भी सहमति जताई, जिससे गांव में लंबे समय से चला आ रहा तनाव समाप्त होने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपसी संवाद और प्रशासनिक हस्तक्षेप से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव हुआ है। इस समझौते से गांव में सौहार्द और भाईचारे का माहौल मजबूत होगा तथा विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।