बांसगांव-कुसमौल मार्ग पर रेन कट से हादसे का खतरा, सड़क किनारे बने

बांसगांव-कुसमौल मार्ग पर रेन कट से हादसे का खतरा, सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे बांसगांव। बांसगांव-कुसमौल मार्ग पर जगह-जगह बने रेन कट एवं सड़क किनारे गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के सामने गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। मार्ग पर लगभग 10 से 12 स्थानों पर सड़क के किनारे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन माह पूर्व बांसगांव व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय सिंह ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी दीपक मीणा को इस समस्या से अवगत कराया था। शिकायत के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे थे और रेन कट की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद जहां-जहां रेन कट की समस्या थी, वहां मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत कराई गई थी। हालांकि लगातार बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पुनः सड़क किनारे कटान शुरू हो गया है और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की स्थायी मरम्मत कराकर रेन कट की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।