वरिष्ठ पत्रकार एवं ओजस्वी कवि दिनेश भानु का संस्कार सेना ने किया सम्मान
अरविन्द सिंह, भोपाल। संस्कार सेना द्वारा बुधवार को एमपी नगर स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैरसिया से आमंत्रित वरिष्ठ पत्रकार एवं ओजस्वी कवि दिनेश भार्गव ‘भानु’ को समाजसेवा, पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मेडल, साफा एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छोला भोपाल निवासी समाजसेवी एवं संस्कार सेना के संस्थापक राष्ट्रीय महासचिव व संरक्षक किशोरीलाल कुशवाहा उपस्थित रहे। उन्होंने पारंपरिक रूप से पगड़ी बांधकर सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन संवेदना कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राधेश्याम अग्रवाल ने की।संस्कार सेना के प्रदेश प्रवक्ता कर्मवीर सिंह, संस्थापक हरभजन जांगड़े एवं राष्ट्रीय मुख्य सचिव अलका धुर्वे की उपस्थिति में यह आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता एवं गायक कर्मवीर सिंह ने अपनी प्रस्तुति 'जैसी करनी वैसी भरनी' से श्रोताओं का मन मोह लिया।समारोह के दौरान समाजसेवी किशोरीलाल कुशवाहा को भी संस्था के प्रति उनके समर्पण, सामाजिक अनुभव एवं सक्रिय भूमिका को देखते हुए मेडल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें संस्कार सेना का संरक्षक मनोनीत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राधेश्याम अग्रवाल द्वारा जन संवेदना कल्याण समिति की ओर से भगवान श्रीराम का छायाचित्र प्रतिमा स्वरूप भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि संस्कार सेना द्वारा भगवान श्रीराम का छायाचित्र भेंट करने की परंपरा संस्था के 21 वर्ष पूर्ण होने पर प्रारंभ की गई थी, जो अनंत काल तक जारी रहेगी।