भयंकर बारिश और तूफान में लगभग 300 साल पुराना पीपल का पेड़

भयंकर बारिश और तूफान में लगभग 300 साल पुराना पीपल का पेड़ मकान पर गिरा मकान और दुकान क्षतिग्रस्त, परिवार के लोग बाल-बाल बचे गगहा, गोरखपुर। क्षेत्र में हुई भयंकर बारिश और तेज आंधी-तूफान के दौरान करीब तीन सौ वर्ष पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक धराशायी होकर मकान पर जा गिरा। पेड़ गिरने से मकान और उसमें संचालित दुकान को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के समय परिवार के लोग मकान के अंदर मौजूद थे, लेकिन प्रकृति की कृपा से सभी लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि कुछ लोगों को चोटें आने की भी जानकारी है। बताया जाता है कि यह पीपल का पेड़ वर्षों पुराना होने के साथ ही आसपास के लोगों की आस्था का केंद्र भी था। स्थानीय लोग इसकी पूजा-अर्चना करते थे। तेज बारिश और तूफान के बीच अचानक पेड़ के गिरने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। पेड़ की चपेट में मोहम्मद यूसुफ पुत्र रईस का मकान आ गया। इसी मकान के एक हिस्से में मोहम्मद यूसुफ दुकान भी चलाते हैं, जो उनके परिवार की जीविका का प्रमुख साधन है। इसके साथ सहबान पुत्र रसूल इरशाद पुत्र रमजान बलई पुत्र रामनयन का मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।युसूफ का पेड़ गिरने से मकान के साथ दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।