दोषरहित सूची जारी: पदोन्नति की वरिष्ठता सूची में गंभीर विसंगतियां,

पदोन्नति की वरिष्ठता सूची में गंभीर विसंगतियां, दोषरहित सूची जारी करने की मांग गोरखपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखपुर द्वारा पदोन्नति के लिए जारी वरिष्ठता सूची में गंभीर अनियमितताओं और विसंगतियों का आरोप लगाते हुए विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने 19 नवंबर 2026 को जारी वरिष्ठता सूची को पूर्णतः दूषित बताते हुए इसे निरस्त कर त्रुटिरहित सूची जारी करने की मांग की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से वार्ता के दौरान विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष तारकेश्वर शाही ने कहा कि जारी सूची में वरिष्ठ शिक्षकों को कनिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षकों को वरिष्ठ दर्शा दिया गया है। सूची में इतनी गंभीर विसंगतियां हैं कि इसकी निष्पक्षता और तैयारी की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षक पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में त्रुटिपूर्ण वरिष्ठता सूची जारी होने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। विभाग को तत्काल विसंगतियों का परीक्षण कर दोषरहित वरिष्ठता सूची जारी करनी चाहिए, जिससे बहुप्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके। तारकेश्वर शाही ने गलत वरिष्ठता सूची तैयार करने के लिए जिम्मेदार कार्यालय सहायकों के विरुद्ध भी जांच कर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री संजय राज सिंह,जिला महामंत्री त्रिपुरारी दूबे, जिला कोषाध्यक्ष शिवरतन निषाद, मंडल उपाध्यक्ष ईश्वर चंद्र शुक्ल, अजय कन्नौजिया, अमरनाथ, विनय गुप्ता, संदीप त्रिपाठी, अमिताभ मिश्रा एवं आशुतोष शुक्ला सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।