बाइक और साइकिल की टक्कर में चार घायल, जिला अस्पताल रेफर। मदरिया

बाइक और साइकिल की टक्कर में चार घायल, जिला अस्पताल रेफर। मदरिया । गोला थाना क्षेत्र के बर्राह चौराहे के पास सोमवार को करीब 11 बजे बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धनराजपुर निवासी हरेंद्र अपनी बाइक से बीमार 10 वर्षीय दुर्गेश को इलाज के लिए गोला ले जा रहे थे। बाइक पर प्रीती भी दुर्गेश को पकड़कर बैठी थी। जैसे ही वे बर्राह चौराहे के पास पहुंचे, तभी बगल के गांव गाजे गड़हा निवासी सूरत पासवान साइकिल लेकर अचानक बाइक के सामने आ गए। इससे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार हरेंद्र, दुर्गेश, प्रीती तथा साइकिल सवार सूरत पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी गोला पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।