गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल क्षेत्र अंतर्गत बेलघाट क्षेत्र के सिघौरा स्थित हनुमान

गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल क्षेत्र अंतर्गत बेलघाट क्षेत्र के सिघौरा स्थित हनुमान वाटिका मंदिर से मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा मंदिर के महंत राम नारायण दास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई। कलश यात्रा हनुमान वाटिका मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर गौरगंज, बेलघाट चौराहा होते हुए प्राचीन हनुमान मंदिर तक पहुंची। यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवतियां एवं बालिकाएं सिर पर कलश लेकर भक्ति भाव के साथ पैदल चलती नजर आईं। इस दौरान घोड़े व सुसज्जित रथ पर आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। कलश यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।