गौर कोठी में शराब की नई दुकान का दूसरे दिन भी विरोध,

गौर कोठी में शराब की नई दुकान का दूसरे दिन भी विरोध, महिलाओं ने खोला मोर्चा देवरिया/बरियारपुर। जनपद देवरिया के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गौर कोठी के धर्मपुर टोला में नई शराब की दुकान खोले जाने का विरोध दूसरे दिन भी जारी रहा। स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने प्रदर्शन करते हुए दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सबसे अधिक विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क किनारे स्थित इस स्थान से प्रतिदिन बच्चे स्कूल आते-जाते हैं तथा महिलाओं का भी आवागमन रहता है। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होने और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ जाएगी। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने शराब विक्रेता से दुकान खोलने की प्रक्रिया और मानकों की जानकारी ली। इस पर दुकानदार ने बताया कि दुकान का आवंटन शासन की नीति एवं निर्धारित क्षेत्र के अनुसार किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में ही दुकान का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले यह दुकान कुशहरी गांव में खोली जा रही थी, लेकिन वहां विरोध के बाद अब इसे गौर कोठी के धर्मपुर टोला में स्थानांतरित किया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम प्रधान बृजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान हेमंत कुमार राव, प्रेम नारायण मिश्र, सतेंद्र सहित अन्य ग्रामीण एवं सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।