बेलघाट क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश से विद्युत व्यवस्था प्रभावित, बहाली में

बेलघाट क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश से विद्युत व्यवस्था प्रभावित, बहाली में जुटी टीम बेलघाट, गोरखपुर। बुधवार रात आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने बेलघाट क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। बेलघाट-विधनापार विद्युत पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में कई स्थानों पर विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर तथा बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई जगह पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। प्राकृतिक आपदा के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा जाने के बाद विद्युत विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने, टूटे तारों को जोड़ने तथा ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है। विद्युत विभाग के कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात मेहनत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। विभागीय अधिकारियों के निर्देशन में पूरी टीम प्रभावित क्षेत्रों में कार्य कर रही है, ताकि जल्द से जल्द उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए, जिससे विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। विभाग द्वारा लगातार राहत एवं मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं और अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है। रात की तेज आंधी और बारिश से मची तबाही के बीच विद्युत कर्मियों की कड़ी मेहनत से व्यवस्था सामान्य करने की कोशिश लगातार जारी है।