स्कूल चलो अभियान के तहत बेलघाट के ब्रह्मदेवा में जागरूकता रैली, नए

स्कूल चलो अभियान के तहत बेलघाट के ब्रह्मदेवा में जागरूकता रैली, नए नामांकन पर जोर बांसगांव संदेश बेलघाट (गोरखपुर)। आज दिनांक 4 मई 2026 को कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मदेवा, क्षेत्र बेलघाट के प्रांगण में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत नए नामांकन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेन्द्र कुमार यादव एवं बच्चों के अभिभावकों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, अनुदेशक तथा रसोइया उपस्थित रहे और बच्चों के साथ मिलकर गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की गई। इसी क्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक जवाहरलाल मिश्रा द्वारा ग्राम सभा क्षेत्र के अंतर्गत ईंट-भट्ठों पर कार्यरत गरीब मजदूरों के बच्चों को विद्यालय में नामांकन के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान बच्चों को शैक्षिक पुरस्कार भी वितरित किए गए, ताकि वे शिक्षा के प्रति प्रेरित हों और नियमित रूप से विद्यालय आएं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना रहा।