मेहनत की मिसाल : गोरखपुर टॉपर दिव्या यादव को 21 हजार से हुआ सम्मान

घघसरा, गोरखपुर । सहजनवां तहसील के पाली ब्लॉक स्थित संस्कार इंटरमीडिएट कॉलेज की होनहार छात्रा दिव्या यादव ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे गोरखपुर जनपद में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया था। दिव्या की इस उपलब्धि के पीछे उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट लगन रही, जिसने उसे जिले की टॉपर बना दिया। उसकी सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद में गर्व और खुशी का माहौल है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने दिव्या यादव को 21,000 रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में मौजूद अधिकारियों ने उसकी जमकर सराहना करते हुए कहा कि दिव्या की सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय के प्रबंधक सतेन्द्र कुमार सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि दिव्या की उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षक और परिजन सभी गौरवान्वित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्या भविष्य में भी ऐसे ही सफलता के नए आयाम स्थापित करती रहेगी।