विद्यालयों में शुरू स्कूल सुरक्षा ऑडिट, कम्पोजिट विद्यालय पाण्डेयपुर में हुआ निरीक्षण

रसोई से लेकर अग्निशमन यंत्र तक जांची गई सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों को दी गई आपदा प्रबंधन की जानकारी* *हिंदी दैनिक लखनऊ सुपरफास्ट ब्यूरो चीफ शिव शंकर चौधरी* *बल्दीराय/सुल्तानपुर* हाईकोर्ट और शिक्षा निदेशालय की निगरानी में विद्यालयों का स्कूल सुरक्षा ऑडिट शुरू हो गया है। इसी क्रम में बल्दीराय विकास खंड के कम्पोजिट विद्यालय पाण्डेयपुर में BCCL (बेनेट कोलमैन एवं कंपनी लिमिटेड) की टीम द्वारा ऑडिट किया गया। जिला परियोजना प्रबन्धक सतीश पटेल के निर्देशन में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ मीनाक्षी, सिविल इंजीनियर नितेश कुमार और फायर विशेषज्ञ रंजीत की टीम ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानाध्यापक की मौजूदगी में टीम ने रसोई, शौचालय, पेयजल, दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए सुविधाएं, कक्षाओं, स्टाफ रूम, स्टोर, खिड़की-दरवाजे, अग्निशमन यंत्र और बिजली की वायरिंग की जांच की। विद्यालय में जिन सुविधाओं की कमी मिली, उसकी जानकारी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से दर्ज कराई गई। ऑडिट के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। अग्नि सुरक्षा, सर्पदंश, आकाशीय बिजली, भूकंप, ठंड, लू, सड़क सुरक्षा, नाव दुर्घटना और बाढ़ से बचाव के उपाय बताए गए। आग लगने की स्थिति में अग्निशमन यंत्र के इस्तेमाल का मॉकड्रिल भी कराया गया। इस दौरान उदय प्रकाश, अखिलेश कुमार वर्मा, रामजीत, अर्जुन कुमार, सुजीत कुमार, किरन, सविता रानी, मनोज कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।