स्कूल पेपर देने निकली नाबालिग लापता, युवक पर भगाने का आरोप -

स्कूल पेपर देने निकली नाबालिग लापता, युवक पर भगाने का आरोप - अपहरण का केस दर्ज मदरिया । क्षेत्र के एक गांव की स्कूल पढ़ने निकली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को दूसरे गांव के युवक द्वारा भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता की मां ने गोला थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बगल के गांव जपती निवासी नितेश निषाद ने उसकी नाबालिग पुत्री को बात करने के लिए अपना मोबाइल नंबर दिया था। इसकी जानकारी पुत्री ने अपनी मां को दी। मां ने बाहर रहकर काम कर रहे अपने पति को इसकी सूचना दी। पिता ने आरोपी युवक को समझाया भी था। बताया गया कि बीते 19 सितम्बर को उसकी पुत्री इंटर कॉलेज भूपगढ़ में पेपर देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। शाम तक घर न आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिजनों को आशंका है कि नितेश ही उनकी पुत्री को भगा ले गया है। इस संबंध में गोला पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी नितेश निषाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।