मानसिक रूप से अस्वस्थ 56 वर्षीय व्यक्ति ने नीम के पेड़ से

मानसिक रूप से अस्वस्थ 56 वर्षीय व्यक्ति ने नीम के पेड़ से लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी बेलघाट/गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के जितवारपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव निवासी 56 वर्षीय रामशिला मौर्य पुत्र गुदरी ने कथित रूप से गांव के स्थित एक नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, रामशिला मौर्य पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अचानक घर से निकलकर नीम के पेड़ में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल बेलघाट पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। बड़ेबेटे का विवाह हो चुका है, जबकि दोनों बेटे रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है। बेलघाट पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।