दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने छेड़खानी सहित मारपीट में 14 लोगों

दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने छेड़खानी सहित मारपीट में 14 लोगों पर दर्ज किया मुकदमा। गोला -------- गोला थाना क्षेत्र के अबरूस गांव में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष की उर्मिला पत्नी रामराज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव के पारस, दारस, बालचंद, शिवम, तारा और निशा समेत अन्य लोग उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने लात-घूंसों व फावड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे जोगिंदर और बेटी नीलम को भी पीटा गया। उर्मिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान पारस और शिवम ने नीलम के साथ छेड़खानी भी की। पीड़िता का कहना है कि आरोपित उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। वहीं दूसरे पक्ष की तारा देवी पत्नी पारस नाथ गौड़ ने भी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने पति के नाम से घर के पास जमीन खरीदी है, जिस पर गांव के जोगिंदर, नीलम, उर्मिला, रामराज, सोनी और श्यामराज समेत अन्य लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) व छेड़खानी से संबंधित धारा 74 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है और मामले की जांच की जा रही है।