*जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में दिखाई संवेदनशीलता: श्रवण बाधित अधिवक्ता को भेंट

*जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में दिखाई संवेदनशीलता: श्रवण बाधित अधिवक्ता को भेंट की हियरिंग मशीन* देवरिया, 18 जून। जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली। गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने श्रवण बाधित अधिवक्ता ओमप्रकाश श्रीवास्तव को हियरिंग मशीन प्रदान कर उनकी सहायता की। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व अधिवक्ता ओमप्रकाश श्रीवास्तव अपने प्रकरणों के संबंध में जनता दर्शन में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञात हुआ कि उन्हें सुनने में गंभीर कठिनाई होती है और वे श्रवण बाधिता से पीड़ित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें हियरिंग मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। अपने आश्वासन को पूरा करते हुए जिलाधिकारी ने श्रवण यंत्र की व्यवस्था कराई और गुरुवार को जनता दर्शन के दौरान स्वयं अपने हाथों से उन्हें हियरिंग मशीन प्रदान की। हियरिंग मशीन प्राप्त कर अधिवक्ता ओमप्रकाश श्रीवास्तव भावुक नजर आए तथा जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ जरूरतमंदों के प्रति ऐसी संवेदनशीलता समाज में सकारात्मक संदेश देती है। "समस्याओं के समाधान के साथ संवेदनाओं का सम्मान" की भावना को साकार करती जिलाधिकारी की यह पहल पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही।