राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में डांडिया की धूम

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में डांडिया की धूम, छात्राओं के साथ महिला प्राध्यापिकाओं ने भी जमकर किया नृत्य नवरात्रि के अवसर पर डांडिया और रैम्प वॉक कार्यक्रम ने बांधा समां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा ओबरा, सोनभद्र। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रंगारंग डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डांडिया नृत्य के साथ रैम्प वॉक का भी आयोजन हुआ, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और कला का शानदार प्रदर्शन किया।रंग-बिरंगे परिधानों में सजी छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। डांडिया की धुन पर थिरकती छात्राओं को देखकर माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुतियों ने महिला प्राध्यापिकाओं को भी अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद महाविद्यालय की महिला प्राध्यापिकाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ डांडिया नृत्य में हिस्सा लिया। छात्राओं और प्राध्यापिकाओं की सहभागिता से कार्यक्रम और भी यादगार बन गया। उपस्थित लोगों ने इस सांस्कृतिक आयोजन का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम की संयोजक मीरा यादव ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है और उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा आपसी सहभागिता की भावना विकसित होती है।वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रमोद कुमार ने महिला प्रकोष्ठ के इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक गणों में सुभाष राम, डॉ संतोष सैनी, डॉ विकास कुमार, डॉ उपेन्द्र कुमार, डॉ प्रेम सुंदरी,डॉ विभा पाण्डेय, डॉ विनोद बहादुर सिंह, डॉ अंजली, डॉ वैशाली, डॉ संघमित्रा, डॉ योगेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। नवरात्रि के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह कार्यक्रम सभी के लिए यादगार बन गया।