Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpurलगभग ३ घंटे पहले

संचारी रोगों पर सख्ती की तैयारी, बांसगांव सीएचसी में बनी ठोस रणनीति

संचारी रोगों पर सख्ती की तैयारी, बांसगांव सीएचसी में बनी ठोस रणनीति

बांसगांव, बांसगांव संदेश। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसगांव में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ भाजपा विधायक विमलेश कुमार पासवान ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. के. एम. अग्रवाल, बीपीसीएम, बीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी एवं आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान पूरे अप्रैल माह तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जलभराव रोकने के उपाय किए जाएंगे तथा दवा छिड़काव कराया जाएगा। विधायक विमलेश कुमार पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने जानकारी दी कि 10 अप्रैल से “घर-घर दस्तक” कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और आवश्यक जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराएंगी। अधीक्षक डॉ. के. एम. अग्रवाल ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और क्षेत्र में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही।

0 likes
0 comments0 shares