सिकरीगंज। आगामी ईद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने

सिकरीगंज। आगामी ईद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सिकरीगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए शुक्रवार को सिकरीगंज पुलिस द्वारा विशेष बाइक गश्त अभियान चलाया गया। यह गश्त सिकरीगंज क्षेत्र से शुरू होकर महादेवा बाजार तक की प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरी। इस दौरान “नारी शक्ति मिशन” के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को निडर होकर त्योहार मनाने का संदेश दिया। पुलिस टीम ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास सतर्क निगरानी रखी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को समय रहते रोका जा सके। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उनसे सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। सभी महत्वपूर्ण चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है तथा लगातार गश्त जारी है। सिकरीगंज पुलिस की इस सख्ती और सतर्कता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और आमजन में विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि इस बार ईद का पर्व पूरी तरह शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।