Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpur२६ दिन पहले

ब्रह्मानंद महाविद्यालय को मिला सशक्त नेतृत्व, डॉ. इंद्रपाल सिंह बने प्रबंध समिति के अध्यक्ष

ब्रह्मानंद महाविद्यालय को मिला सशक्त नेतृत्व, डॉ. इंद्रपाल सिंह बने प्रबंध समिति के अध्यक्ष

राठ (हमीरपुर)। ब्रह्मानंद महाविद्यालय के बी.एड. विभाग में प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में न होने के कारण अध्यक्ष पद पर डॉ. इंद्रपाल सिंह का निर्वाचन निर्विरोध रूप से सुनिश्चित हुआ। शपथ ग्रहण कार्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त परवेक्षक डॉ. सुनील कुमार कविया की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. जुझार सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह (एडवोकेट) ने डॉ. इंद्रपाल सिंह को अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र सौंपा। शपथ ग्रहण के उपरांत डॉ. इंद्रपाल सिंह ने संस्थान के संस्थापक स्वामी ब्रह्मानंद जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात महाविद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व सचिव डॉ. कमलेश सक्सेना, उपाध्यक्ष डॉ. अजय पाल सिंह, डॉ. सतीश सिंह सहित अन्य सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। समारोह में कैलाश चंद्र अग्रवाल, के. जी. अग्रवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. इंद्रपाल सिंह से महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं समग्र विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की अपेक्षा व्यक्त की। अपने संबोधन में डॉ. इंद्रपाल सिंह ने सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे संस्थान को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने हेतु पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

1800 likes
0 comments0 shares