भड़सार की बेटी शिवांगी मिश्रा बनीं साइंटिफिक अफसर, सम्मान समारोह में मिला अभिनंदन

सहजनवा, गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भड़सार की होनहार बेटी शिवांगी मिश्रा के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, लखनऊ में साइंटिफिक अफसर के पद पर चयनित होने पर भव्य अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर पंचायत घघसरा अध्यक्ष प्रभाकर दुबे एवं भारत सरकार के अधिवक्ता तथा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने शिवांगी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिवांगी मिश्रा, अरविंद कुमार मिश्रा एवं सुमन मिश्रा की पुत्री हैं। इस अवसर पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य विजय कुमार मिश्र, रामा मिश्रा, आर.पी. मिश्रा, चंद्रप्रभा मिश्रा, बृजेंद्र नाथ मिश्रा, दीपक उपाध्याय, शिवानंद मिश्रा, बेचन शर्मा, अशोक चौधरी, राम सहाय पांडेय, भोलू मिश्रा, भोलू तिवारी, रामप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि प्रशांत त्रिपाठी ने कहा, "शिवांगी मिश्रा की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का गौरव बढ़ा रही हैं। शिवांगी की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।" नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने कहा, "ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिवांगी मिश्रा का साइंटिफिक अफसर के पद पर चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से गांव की अन्य बेटियों और युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। हमें विश्वास है कि शिवांगी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से देश और समाज का नाम रोशन करेंगी।" समारोह के अंत में परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। शिवांगी की इस उपलब्धि से पूरे ग्राम भड़सार में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला।