गोरखपुर के बेलघाट थाने में महिला से मारपीट का आरोप, दरोगा समेत

गोरखपुर के बेलघाट थाने में महिला से मारपीट का आरोप, दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर गोरखपुर बांसगांव संदेश गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम बभनौली निवासी पीड़िता नेहा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहा का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसके पति सोनू के रिश्तेदार अजीत, उनकी पत्नी सीमा, सीमा की बहन और मां ने उसके घर में घुसकर मारपीट की थी। पीड़िता के अनुसार, वह अपने भाइयों के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। इसी दौरान सादे कपड़ों में मौजूद दरोगा अशोक कुमार सिंह ने उसे जबरन थाने के अंदर ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर कथित रूप से दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे बेरहमी से पीटा। नेहा का आरोप है कि थाने के अंदर सात-आठ पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और गालियां दीं। महिला का यह भी आरोप है कि बीचबचाव करने पहुंचे उसके भाइयों को भी पीटा गया। घटना के बाद पुलिस ने उल्टा नेहा और उसके भाइयों के खिलाफ ही शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। साथ ही पेशी के नाम पर 500 रुपये वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दरोगा अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार, आशुतोष तिवारी और एक अन्य सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया है तथा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पीड़िता ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।