पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद,

पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद, पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर घायल, तीन गिरफ्तार दो डीसीएम वाहनों में लदे मिले गोवंश, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद; भांवरकोल पुलिस की कार्रवाई गाजीपुर, 12 नवंबर। जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भांवरकोल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार की रात पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में पंजाब निवासी एक शातिर गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए दो डीसीएम वाहनों में लदे 18 गोवंश तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से गोवंश लादकर एक संदिग्ध डीसीएम वाहन पक्खनपुर होते हुए बिहार की तरफ जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान पंजाब नंबर के डीसीएम वाहन PB10...8928 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें नौ गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि पीछे एक और डीसीएम वाहन आ रहा है, जिसमें नौ अन्य गोवंश लदे हुए हैं। दोनों वाहनों में गोवंश को पंजाब से लादकर बिहार ले जाया जा रहा था।इसी बीच दूसरे डीसीएम वाहन को रोकने का प्रयास करने पर उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी मोहम्मदाबाद पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। मौके से अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दर्शन सिंह (58) निवासी चौकीमान, थाना सदर जगराओं, जिला लुधियाना; पवन कुमार (30) निवासी बलियोंन, थाना समराला, जिला लुधियाना तथा सुखदीप कुमार (37) निवासी वार्ड नंबर आठ, हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। इनमें सुखदीप कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो डीसीएम वाहन तथा कुल 18 गोवंश बरामद किए हैं। मामले में संबंधित अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय मय पुलिस टीम तथा चौकी प्रभारी शेरपुर विपिन कुमार सिंह मय टीम शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में गोतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।