Bansgaon Sandesh
Login
V
Ghazipur१ दिन पहले

कार हादसे में शिक्षिका सुनीता सिंह अधिवक्ता रजनीकांत पाण्डेय की मौत पर,

कार हादसे में शिक्षिका सुनीता सिंह अधिवक्ता रजनीकांत पाण्डेय की मौत पर,

कार हादसे में शिक्षिका सुनीता सिंह अधिवक्ता रजनीकांत पाण्डेय की मौत पर, क्षेत्र सहित जनपद में गम का माहौल गाजीपुर। तहसील जखनिया क्षेत्र के लिए यह हादसा अत्यंत दुखद साबित हुआ, जब चार धाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी आजमगढ़ में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में शिक्षिका सुनीता सिंह सहित वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत पाण्डेय की असामयिक मृत्यु ने पूरे जनपद को शोक में डुबो दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम नजर आ रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जखनिया तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलानंद सिंह की पत्नी एवं ग्राम सभा अलीपुर मदंरा निवासी सुनीता सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बुढ़ानपुर निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत पांडे भी इस हादसे का शिकार हो गए। दोनों के निधन की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। अंत्येष्टि के बाद सुनीता सिंह के आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और अधिवक्ता बड़ी संख्या में पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। तहसील जखनिया के अधिवक्ता संघ के सदस्य, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग भी लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, सुनीता सिंह का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, मृदुभाषी और मिलनसार था। उनके व्यवहार की मधुरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने जीवन भर कभी किसी से कटु वचन नहीं कहा। उनके अचानक चले जाने से न केवल परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।हादसे में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय पांडे व उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं अखिलानंद सिंह स्वयं भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। इस कठिन समय में अधिवक्ता समाज एकजुट होकर उनके साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।अखिलानंद सिंह जखनिया तहसील में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। उनके परिवार का सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी विशेष योगदान रहा है। उनके छोटे भाई सर्वानंद सिंह ग्राम अलीपुर मदंरा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हैं, जबकि अटल कुमार सिंह माता तेतरा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधक के रूप में क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।वहीं दिवंगत अधिवक्ता रजनीकांत पांडे के आवास पर भी शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। उनके मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सक्रियता के कारण वे जन-जन के प्रिय थे। उनके निधन से अधिवक्ता समुदाय सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।इस हृदयविदारक दुर्घटना ने एक साथ कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पूरा गाजीपुर जनपद इस दुखद घटना से मर्माहत है और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है कि शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

100 likes
0 comments0 shares