बेलघाट में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, गांव बाढ़ से घिराः खजनी

बेलघाट में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, गांव बाढ़ से घिराः खजनी में प्रशासन ने दो नावें लगाईं, एसडीएम-तहसीलदार ने किया निरीक्षण सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण खजनी तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नरगणाजग्गा सिंह गांव पूरी तरह पानी से घिर गया है। इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए उप जिलाधिकारी खजनी आनंद कुमार कटारिया और तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह ने आज दोपहर करीब 2 बजे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नरगणाजग्गा सिंह गांव के निवासियों के आवागमन के लिए दो मध्यम आकार की नावें लगाईं। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नावों की संख्या और अधिक बढ़ाई जाएगी। उप जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश शासन तथा जिला और तहसील प्रशासन बाढ़ की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर जन-सहयोग और सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। एसडीएम ने लोगों से बाढ़ के पानी से सतर्क और सावधान रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आकस्मिक या विषम स्थिति की जानकारी तत्काल तहसील प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावित लोगों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और बड़ी संख्या में अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।