लखनऊ में योगी सेना का प्रदर्शन, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की

लखनऊ में योगी सेना का प्रदर्शन, श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर बुधवार को लखनऊ में योगी सेना (भारत) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से हजरतगंज स्थित अटल चौक के गांधी प्रतिमा पार्क तक पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और जन्मभूमि की जमीन पर मालिकाना हक की मांग उठाई। संगठन के उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और अपनी मांगों के समर्थन में सभा की। संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख गौरव वर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह से संबंधित मामला अदालत में विचाराधीन है तथा सरकार से प्रभावी पैरवी की मांग की गई है। संगठन के संरक्षक बाबा महादेव ने 6 दिसंबर 2026 को मथुरा में कारसेवा करने की घोषणा की। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में इस विवाद से संबंधित सुनवाई भी 30 सितंबर को हुई और अगली सुनवाई 6 नवंबर के लिए टाली गई है।