*आईटीएम गीडा में ‘आइडियाथॉन-2026’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचारपूर्ण विचार*
*आईटीएम गीडा में ‘आइडियाथॉन-2026’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचारपूर्ण विचार* सहजनवा गोरखपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर में विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता एवं समस्या-समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘आइडियाथॉन-2026’ का आयोजन किया गया। “सोचें, नवाचार करें, समाधान खोजें और बदलाव लाएँ।” की थीम पर आधारित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने समाज एवं उद्योग से जुड़ी विभिन्न वास्तविक समस्याओं की पहचान करते हुए उनके लिए अभिनव, स्मार्ट एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईटीएम के निदेशक डॉ. एन.के. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें समस्याओं को पहचानने, नए समाधान विकसित करने और उन्हें व्यवहारिक रूप देने की क्षमता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आइडियाथॉन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में रोजगार सृजनकर्ता और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में डॉ आर के सिंह, डॉ सुरेंद्र राय, डॉ बीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. विनीत राय, डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. आशुतोष राव,श्वेता सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार चौधरी, एवं पूर्व छात्र तथा उद्यमी सचिन्द्र निषाद ने निर्णायक मण्डल के सदस्य के रूप में प्रतिभागी विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों का मूल्यांकन किया | आइडियाथॉन में विभिन्न टीमों द्वारा सामाजिक, पर्यावरणीय, स्वास्थ्य, शिक्षा, औद्योगिक एवं आर्थिक क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं के समाधान पर आधारित विचार प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, तकनीकी ज्ञान, टीमवर्क एवं नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोत्साहित कर उन्हें विचार से नवाचार और नवाचार से क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा भविष्य में अपने नवाचार को स्टार्टअप एवं व्यावसायिक अवसर में परिवर्तित करने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के इस आयोजन पर संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया और संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दिये |